पिथौरागढ़। विण विकासखंड के कई गांवों में एक माह से बिजली ठप है। ग्रामीणों ने विभाग पर ट्रांसफार्मर बदलने में बहानेबाजी करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। घाटी और वन्यजीव बहुल इलाकों में बिजली गुल होने से ग्रामीण तमाम दिक्कतों के साथ ही भय के साये में जीने को मजबूर हैं। उधर, मुवानी क्षेत्र में भी पिछले दो दिन से बिजली नहीं है।
दियूड़ी गांव में हुई बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि एक माह पहले इलाके को बिजली की सप्लाई करने वाला ट्रांसफार्मर फुंक गया था, तभी विभाग को इसकी सूचना दे दी गई थी। विभाग ने जल्द ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन देते हुए संबंधित ठेकेदार से संपर्क स्थापित करने को कहा लेकिन आज तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। विभागीय अधिकारी जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की बात कहते हैं। विभागीय ठेकेदार से संपर्क करने पर कभी ट्रांसफार्मर न होने तो कभी मजदूर न होने की बात कहकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली की निंदा करते हुए कहा कि यह विभाग उपभोक्ताओं के हितों के संरक्षण में कभी खरा नहीं उतरा। तय हुआ कि एक सप्ताह के भीतर विभाग ने बिजली की सप्लाई चालू नहीं की तो दियूड़ी, भनार, तिकतड़, नौलागैर समेत तमाम गांवों के लोग विभाग के खिलाफ आंदोलन करेंगे। बैठक में राम गिरि, हनुमान गिरि, धन सिंह, मनोज सिंह, कुर राम, दीवानी राम, पुष्कर सिंह, जीवन सिंह, भूपाल सिंह, राजेंद्र सिंह समेत तमाम लोग मौजूद थे। उधर, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता एनएस टोलिया का कहना है कि दियूड़ी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर बदलने की कार्यवाही चल रही है। मुवानी की बिजली सप्लाई बहाल करने की बात भी उन्होंने कही है।