धारचूला। धारचूला में बुधवार की रात एक जीप धौलीगंगा नदी में समा गई जिससे एक मुसाफिर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे की वजह कीचड़ युक्त मोटर मार्ग में जीप का रपटना बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात जीप (संख्या यूके 05/टीए 537) छिरकिला से धारचूला की ओर आ रही थी। तभी तवाघाट से दो किलोमीटर दूर भारिम (गर्बुवा) के पास कीचड़ से सने मोटर मार्ग में जीप का संतुलन बिगड़ गया और वह 50 फीट नीचे धौलीगंगा नदी में गिर गई। हादसे में धारचूला के पास के खेला गांव के धर्मेंद्र राम (22) पुत्र गंगा राम की मौके पर मौत हो गई। जबकि इसी गांव के अनिल राम (28) पुत्र बिशन राम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद हल्द्वानी रेफर किया गया। चिकित्सकों के मुताबिक अनिल के सिर के अलावा रीड़ की हड्डी में भी चोट लगी है। इसके अलावा नेपाल के दारचूला जिले का रहने वाले सूरज को भी हल्की चोट लगी थी। उसे इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
विज्ञापन
दारोगा रमेश रजवाड़, एसएसबी एवं आपदा की टीम ने मौके पर पहुंच राहत कार्य का संचालन किया। खासी मशक्कत के बाद शव को निकाला जा सका। पंचनामा के बाद शव का पिथौरागढ़ में पोस्टमार्टम कराया गया।