पिथौरागढ़। बीटीसी और टीईटी (शिक्षण पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण) चयनित शिक्षकों ने जिला शिक्षाधिकारी (बेसिक) से नियुक्ति की गुहार लगाई है। जिला शिक्षाधिकारी ने एक अक्तूबर को बीटीसी और तीन अक्तूबर को टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को विद्यालय आवंटित करने का आश्वासन दिया है।
टीईटी चयनित शिक्षकों और जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान (डायट) से बीटीसी का प्रशिक्षण ले चुके बेरोजगार भाजपा जिलाध्यक्ष किशन भंडारी के नेतृत्व में जिला शिक्षाधिकारी केके वाष्णेय से मिले। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राज्य के ज्यादातर जिलों में विशिष्ट बीटीसी और बीटीसी के लिए चयनित शिक्षकों को स्कूल आवंटित हो गए हैं। लेकिन इस जिले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसकी वजह से प्रशिक्षु शिक्षकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष गिरीश जोशी ने कहा कि सीमांत जिले के प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक न होने से अभिभावक आंदोलन करने को मजबूर हैं। उन्होंने विशिष्ट बीटीसी और बीटीसी चयनित शिक्षकों को नियुक्ति देकर इस समस्या का समाधान करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में प्रकाश जोशी, नवीन कापड़ी, भगत सिंह, देवेंद्र सामंत, सतीश कापड़ी, राजेंद्र प्रसाद, पुष्कर दिगारी, गोपाल सिंह, नवीन जोशी, इंद्र सिंह धामी आदि मौजूद थे।