डीडीहाट। नगर के रामलीला मैदान में राज्य स्तरीय वॉलीबाल शुरू हो गई है। उद्घाटन मुकाबले में उत्तराखंड पुलिस ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को पराजित किया। प्रतियोगिता में राज्य भर की आठ टीमें शिरकत कर रही हैं।
पांगती पुस्तकभंडार और डीडीहाट यूथ सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) गणेश सिंह मर्तोलिया ने किया। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने खेलभावना एवं जोश के साथ प्रतियोगिता में शिरकत करने की अपील की। पहले मैच में उत्तराखंड पुलिस ने एसएसबी को दो सीधे सेटों में पराजित किया।
विज्ञापन
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी ने कहा कि डीडीहाट क्षेत्र में इस प्रतियोगिता का आयोजन 1972 से लगातार किया जा रहा है। इस अवसर पर आमंत्रित अतिथि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के शाखा प्रबंधक एमएस ग्वाल, बीएसएफ के उप महानिरीक्षक बीएस टोलिया, डीएस पांगती, सत्यवाल मर्तोलिया, दान सिंह कन्याल, दीवाकर पांगती, भूपेंद्र सिंह टोलिया आदि मौजूद थे। मुकाबले में निर्णायकों की भूमिका गिरीश बगटवाल और राजेंद्र बिष्ट ने अदा की। आंखों देखा हाल संजू पंत ने सुनाया। जबकि स्कोरर धर्मेद्र टोलिया और प्रकाश बोरा थे।