पिथौरागढ़। भाजपा की जिला इकाई ने टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाली के लिए बार्डर रोड आर्गनाइजेशन (बीआरओ) को जिम्मेदार ठहराते हुए बीआरओ के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। बीआरओ के कमान अधिकारी को इस संबंध में शिकायती पत्र सौंपा गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष किशन सिंह भंडारी के नेतृत्व में बीआरओ के कमान अधिकारी संदीप कुमार सक्सेना से मिलने गए पार्टी के लोगों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाली पर चिंता जताई। इन लोगों का कहना था कि सड़क में जगह-जगह गड्ढे हैं। सालों से सड़क में डामरीकरण नहीं हो रहा है। घाट से जौलजीबी तक तमाम स्थानों पर सड़क के ऊपर बोल्डर लटक रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि ऐंचोली से सिल्थाम तक डामरीकरण, घाट से जौलजीबी तक सड़क में पड़े गड्ढों को पाटने, सड़क के किनारे पड़ी मिट्टी का निस्तारण करने, घाट से जौलजीबी तक पहाड़ी के ऊपर लटके बोल्डरों को हटाने के साथ ही आबादी वाले इलाकों में स्पीड ब्रेकर न लगने पर विभाग के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी। बीआरओ के कमान अधिकारी संदीप कुमार सक्सेना ने इन लोगों को जानकारी दी कि सड़क डामरीकरण का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है। कमान अधिकारी से मिलने वालों में केएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष माधवानंद जोशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा, नगर अध्यक्ष अशोक महर, राधे लाल वर्मा, जिला महामंत्री गणेश भंडारी, उपाध्यक्ष गिरीश जोशी, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनोज भट्ट, महामंत्री इंदर लुंठी, जिला पंचायत सदस्य मनोज सामंत, धन सिंह धामी, जितेंद्र नगरकोटी, कवींद्र बिष्ट, राजेंद्र जोशी, धर्मेंद्र भट्ट, कृपाल वल्दिया शामिल थे।