गदरपुर। बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर पेट्रोल पंप के सेल्समैन से हजारों की नगदी लूट ली। पेट्रोल पंप कर्मी ने बाइक सवार बदमाशों का पीछा किया। मगर बदमाश भाग निकले। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की मगर सफलता नहीं मिली । पेट्रोल पंप स्वामी ने तहरीर दे दी है।
गुरुवार रात्रि करीब सवा आठ बजे डोंगपुरी के निकट स्थित परम शिवम फ्यूवल्स पेट्रोल पम्प पर बाइक से पहुंचे दो युवकों ने सेल्समैन राकेश से दो सौ रुपये का पेट्रोल भरने को कहा। पेट्रोल भर जाने के बाद पीछे बैठे युवक ने सेल्समैन को पांच सौ का नोट थमाया। सेल्समैन ने बकाया रुपये देने को जैसे ही जेब में हाथ डाला। पीछे बैठे युवक ने सेल्समैन के पेट पर तमंचा रख दिया और जेब की सारी नगदी छीनकर भाग निकले। लुटेरे जैसे ही पंप से बाहर निकले तो सेल्समैन ने शोर मचा दिया। वहीं पर ही मौजूद एक अन्य पेट्रोल पंप कर्मी पुरुषोत्तम ने शहर की ओर भागे लुटेरों का पीछा किया। लुटेरे मुख्य बाजार में राजकीय इंटर कालेज की सड़क से होते हुए आंखों से ओझल हो गये। बदमाश काले रंग की बाइक पर थे। उन्होंने बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगा रखी थी। मौके पर पहुंचे कोतवाल पीके उप्रेती ने जानकारी हासिल की। पेट्रोल पम्प स्वामी राजेन्द्र डाबर ने पुलिस को सौंपी तहरीर में करीब दस हजार की नगदी लूटे जाने की बात कही। घटना स्थल पर पहुंचे व्यापारियों ने मुख्य मार्ग पर हुई लूट की घटना पर रोष जताया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज सेतिया, मनीष फुटेला, अशोक हुड़िया, गुंजन सुखीजा, लवली हुड़िया, डिम्पल आहूजा, सुखदेव ढींगरा, गुंजन सुखीजा, विजय गुम्बर, रोहित कालरा, विजय सिडाना, सचिन बत्रा आदि थे।