डीडीहाट(पिथौरागढ़)। सीमांत क्षेत्र में भारत-चीन के बीच होने वाले व्यापार के तहत भारतीय व्यापारी चीन की तकलाकोट मंडी पहुंचने लगे हैं। भारतीय व्यापारी 1.85 लाख रुपये का सामान लेकर चीनी क्षेत्र में पहुंचे हैं। यहां से जाने वाले सामान में गुड़, मिश्री और गोला मुख्य रूप से शामिल हैं। उत्तराखंड में इस बार आपदा के चलते व्यापारिक गतिविधियां देर से शुरू हुई हैं।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के ट्रेड अधिकारी डिप्टी कमांडेंट भय्या लाल ने बताया कि 19 जुलाई से शुरू व्यापार में अब तक भारतीय व्यापारी 185200 रुपये का सामान लेकर गए हैं। जिसमें 56.14 क्विंटल गुड़, 22.20 क्विंटल मिश्री, 90 किलो गोला शामिल है। छह दिन में छह बैचों में सात व्यापारी, 35 हेल्पर, 104 खच्चर और 76 घोड़े सहित चीनी मंडी तकलाकोट पहुंचे।
दूसरी ओर, भारतीय व्यापारियों ने तकलाकोट से 4040 किग्रा सीमेंट आयात किया। इस सीमेंट को 33 हेल्पर और 66 घोड़े लेकर आ रहे हैं। भारत-चीन व्यापार समिति जीवन सिंह राैंकली का कहना है कि इस बार मौसम की मार का असर व्यापार पर नजर आ रहा है। पिछले साल इस अवधि तक 14 व्यापारी चीनी मंडी गए थे और 1140125 रुपये का आयात और 356850 रुपये का निर्यात किया था।