पिथौरागढ़/ चंपावत। मंगलवार की रात को जिला मुख्यालय के साथ ही नाचनी, डीडीहाट, चंपावत में भारी बारिश हुई। अचानक हुई तेज बारिश ने लोगों को डरा दिया। साढ़े तीन बजे एक बार फिरहल्की बारिश शुरू हो गई, जो सुबह 6 बजे तक रही।
जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह तक पिथौरागढ़ में 37, गंगोलीहाट में 1, बेरीनाग में 15.40, डीडीहाट में 57, मुनस्यारी 3, धारचूला 13 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं नाचनी के आमधार में एक कृषक के वहां लगे यंत्र ने नाचनी में 146 एमएम बारिश रिकार्ड की है। जिला मुख्यालय में ही लगातार सवा तीन घंटे तक मूसलाधार बारिश होने के बावजूद कंट्रोल रूम के मात्र 37 एमएम बारिश होने, मुनस्यारी, धारचूला में भी कम बारिश दर्शाने से इन आंकड़ों पर संशय पैदा हो गया है। नाचनी में दर्ज की गई 146 एमएम बारिश के आंकड़ों को थल मुनस्यारी सड़क में बारिश के बीच गिरे मलबे से बल मिल रहा है।
चंपावत जिला मुख्यालय में पिछले 24 घंटे में मात्र दो मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। बुधवार को आसमान में घने बादल छाए रहे। दिन में एक दो-बार हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने फिलहाल बादल छाए रहने और हल्के स्तर की बारिश की संभावना जताई है। बादल छाए रहने से यहां के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ गई। इस बीच घाटी वाले इलाकों में उमस भरी गर्मी का असर शुरू होने लगा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. आनंद शर्मा ने बताया कि अगले 24 घंटे में पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर मध्यम और तेज बारिश हो सकती है।