झूलाघाट। काली नदी में नहाने गया एक युवक नदी बह गया। युवक का पता नहीं चल सका है। जबकि साथ गया एक अन्य युवक चोटिल हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। ये दोनों युवक पहाड़ी से नदी में गिर रहे मलबे की चपेट में आने से संतुलन खो बैठे थे। पुलिस और प्रशासन की टीम नदी में बहे युवक की तलाश में जुट गई है।
थानाध्यक्ष गणेश सिंह सामंत के मुताबिक रविवार सुबह दो युवक प्रकाश राम (18) पुत्र जोगा राम और दीपक कुमार सार्की (30) पुत्र प्रेम राम सार्की 11.30 बजे काली नदी के किनारे घोपट्या नामक स्थान पर नहाने गए। तभी पहाड़ी से गिर रहे मलबे की चपेट में आ गए। नदी की तेज लहरें दीपक कुमार को बहाकर ले गई, जबकि दूसरे युवक प्रकाश राम मलबे मेें दबकर जख्मी हो गया। वहां से गुजर रहे दीपक चंद, प्रवीन राम, राजू राम आदि ने प्रकाश को निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। युवक के सिर और कमर में चोट आई हैं। फार्मेसिस्ट कमल वर्मा और बृजमोहन सकलानी ने बताया कि घायल की हालत खतरे से बाहर हैं।
पिथौरागढ़ से एसडीएम नरेश दुर्गापाल और तहसीलदार एमएस नयाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना भी दी। एसओ सामंत, दरोगा पीसी मलकानी, राजस्व उप निरीक्षक पुष्पा टम्टा आदि बहे युवक की तलाश में झूलाघाट, बलतड़ी, कानेड़ी तक गए, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिल सका। वारदात के बाद दीपक सार्की के परिवार में कोहराम मच गया।