पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की सुरक्षा व्यवस्था में उत्तरकाशी के बाद पिथौरागढ में भी चूक देखने को मिली। भाजयुमो, एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के पास पहुंचकर मुख्यमंत्री के विरोध में नारे लगाए। यह सब देख प्रभारी मंत्री दिनेश अग्रवाल ने डीएम, एसपी और डीएसपी को फटकार लगाई।
मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अंबिका सोनी, सह प्रभारी संजय कपूर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य, प्रभारी मंत्री दिनेश अग्रवाल, सांसदों और विधायकों का काफिला लोनिवि के डाक बंगले पहुंचा ही था कि भाजयुमो के प्रदेश मंत्री बसंत जोशी, एबीवीपी के विभाग संयोजक विपिन जोशी समेत पांच कार्यकर्ता मुख्यमंत्री मुर्दाबाद, रई झील बनाओ के नारे लगाते हुए कार्यक्रम स्थल के पास पहुंच गए। यह सब तब हुआ जब मुख्यमंत्री के आगमन से ठीक पहले भाजपाइयों ने मुख्यमंत्री के गुजरते समय हंगामा काटा था। मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्यक्रम स्थल में नारेबाजी से प्रभारी मंत्री दिनेश अग्रवाल का पारा सातवें आसमान में चढ़ गया।
उन्होंने डीएम डा. नीरज खैरवाल, एसपी वीकेएस कार्की, डीएसपी राजीव मोहन को बुलाकर फटकार लगाई। विधायक मयूख महर और विधायक नारायण राम आर्य ने भी सुरक्षा व्यवस्था पर अंगुली उठाई। इसके बाद पुलिस विरोध जता रहे लोगों को घसीटकर कार्यक्रम स्थल से ले गई।