पिथौरागढ़। 15 साल बाद भी सड़क का काम पूरा न होने से गुस्साए नाघर-भूलागांव लोगों ने अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोनिवि के कार्यालय में प्रदर्शन कर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने के साथ ही पंचायत और लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
ईई कार्यालय पहुंचे लोगों ने कार्यालय में प्रदर्शन करने के बाद ईई को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि सातशिलिंग -नाघर भूलागांव तक सात किलो मीटर सड़क का निर्माण कार्य पिछले 15 सालों से चल रहा है लेकिन अब भी सड़क पूरी नहीं बनी है। इन लोगों ने लोनिवि पर सरकारी धन के दुरुपयोग के साथ ही जनहित की अवहेलना करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोटर मार्ग न बनने से इलाके के लोगों को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में शामिल भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष भट्ट ने कहा कि इस सड़क के निर्माण को लेकर कई बार आंदोलन हो चुका है। विभागीय अधिकारी हर बार आश्वासन देकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। इन दिनों काम रुका पड़ा है। उन्होंने कहा कि विभाग ने 25 नवंबर तक सड़क का काम शुरू नहीं किया तो वह 26 नवंबर से आमरण अनशन शुरू कर देंगे। लक्ष्मी दत्त, रामी चंद, भूपाल चंद, रमेश चंद, जीवन चंद्र कापड़ी, रमेश पांडेय, मनोज चंद, जगत चंद, प्रेम चंद, विष्णु दत्त ने कहा सड़क नहीं बनी तो चुनावों का बहिष्कार किया जाएगा।