पिथौरागढ़। समाज कल्याण विभाग की ओर से चलाए जा रहे समाज कल्याण सहायता सप्ताह के दौरान अब तक 55 पेंशनधारकों की पेेंशन का सत्यापन किया गया है। सात फरवरी तक चलने वाले सहायता सप्ताह के दौरान हर समस्या का मौके पर समाधान होगा और यह हिदायत दी गई है कि लोगों को एक काम के लिए दोबारा न आना पड़े।
प्रशिक्षु आईएएस मंगेश घिल्डियाल ने सभी तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों, विकास खंड अधिकारियों से कहा है कि पेशन के मामलों, जनश्री योजना, कन्याधन योजना के आवेदन स्टाल में ही प्राप्त करें और उनका निस्तारण भी करें। उद्यान विभाग के अधिकारियों से कहा गया कि वह पौधों, दवाओं, कीटनाशकों, बीज, कृषि यंत्रों का वितरण करें। समाज कल्याण सहायता सप्ताह सात फरवरी तक चलेगा। तहसील मुख्यालयों और ब्लाक मुख्यालयों में भी स्टाल लगाकर लोगों को समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। जिला मुख्यालय में लगे स्टाल में तहसीलदार एमएस नयाल, सहायक विकास अधिकारी चारू चंद्र जोशी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।