पिथौरागढ़। प्रदेश सरकार ने कनालीछीना ब्लॉक के अंतर्गत गर्खा ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना को मंजूरी दे दी है। योजना के निर्माण के लिए 62.45 लाख रुपए स्वीकृत हो गए हैं। उत्तराखंड शासन के अपर सचिव अर्जुन सिंह ने पेयजल निगम के प्रबंध निदेशक को यह स्वीकृति पत्र भेजा है।
शासन की ओर से कहा गया है कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग 31 मार्च 2014 तक करना होगा और उपयोगिता का प्रमाणपत्र शासन को प्रस्तुत करना होगा। पहले चरण में योजना निर्माण में आ रही वन भूमि का क्लीयरेंस होगा। मिट्टी का परीक्षण किया जाएगा। पानी के रिचार्ज की स्थिति अप्रैल से जून तक मापी जाएगी। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कार्य में उतना ही धन खर्च किया जाए, जितनी स्वीकृति मिली है। अतिरिक्त खर्च किसी भी दशा में न किया जाए।
योजना स्वीकृति संबंधी आदेश फैक्स से यहां उपलब्ध कराते हुए विधायक मयूख महर ने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से पंपिंग पेयजल योजना की मांग कर रहे थे। योजना बनने पर गर्खा कस्बा समेत आसपास के दो दर्जन गांवों को पानी मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पानी की किल्लत है। योजना बनने से अब राहत मिल जाएगी।