पिथौरागढ़/गंगोलीहाट। ग्रामीण डाकघर कर्मियों की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। डाक कर्मियों की हड़ताल के चलते डाक सेवाएं प्रभावित हुई हैं। डाक सेवकों ने मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
आल इंडिया ग्रामीण डाकसेवक संघ के आह्वान पर हड़ताल पर गए ग्रामीण डाक सेवकों ने कहा कि केंद्रीय कर्मचारी का दर्जा देने, सातवें वेतन आयोग में ग्रामीण डाकसेवकों को शामिल करने, मृतक आश्रितों को नौकरी देने, विभाग में सीधी भर्ती पर रोक लगाकर ग्रामीण डाकसेवकों को अवसर देने आदि मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। इन लोगों ने कहा कि इस बार संगठन की केंद्रीय कमेटी ने मांग पूरी होने के बाद ही आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है। प्रदर्शन में कैलाश चंद्र कापड़ी, दीपक तिवारी, नरेश पांडे, जगदीश चौहान, तपोधन भट्ट, श्यामू राम समेत तमाम डाकसेवक शामिल थे।
उधर, गंगोलीहाट में ब्लाक अध्यक्ष प्रभा भट्ट, शमशेर सिंह, ललित मोहन उप्रेती, हर सिंह, पुष्कर सिंह, प्रेम सिंह, खुशाल सिंह, संतोष राम, भूपाल सिंह, मनोज पंत, प्रकाश चंद्र ने धरना दिया।