पिथौरागढ़। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पिथौरागढ़ जिले में कुल 782 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। हर मतदेय स्थल में वोटिंग के दिन एक महिला कर्मचारी को अनिवार्य रूप से तैनात किया जाएगा और मतदान अधिकारी को नियुक्त करते समय यह ध्यान रखा जाएगा कि कहीं कोई कर्मचारी किसी प्रत्याशी का रिश्तेदार तो नहीं है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नोडल अधिकारी डा. आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि विण विकासखंड में 104, मूनाकोट में 86, कनालीछीना में 96, डीडीहाट में 73, धारचूला में 96, मुनस्यारी में 116, बेड़ीनाग में 86 और गंगोलीहाट में 125 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने यह व्यवस्था की है कि हर मतदेय स्थल में एक एक महिला कर्मचारी को नियुक्त किया जाए। ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की दिक्कत मतदाताओं को न हो। मतदान ड्यूटी में तैनात किए जाने वाले कर्मचारियों के बारे में यह जानकारी पहले ही हासिल कर ली जाएगी कि कहीं उनका कोई रिश्तेदार तो चुनाव नहीं लड़ रहा है। ऐसे में संबंधित मतदान केंद्र में इस तरह के कर्मचारी की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी।