डीडीहाट। कैलास मानसरोवर यात्रा की प्रक्रिया रविवार से शुरू हो गई है। प्रथम दल के 60 यात्री दिल्ली में अपने कागजातों की जांच के लिए एकत्र हो गए हैं। यात्रियों का दिल्ली में दो बार मेडिकल परीक्षण होगा। 12 जून को दिल्ली से चलकर प्रथम दल के सदस्य अल्मोड़ा पहुंचेंगे। 13 जून को यात्री आधार शिविर धारचूला आएंगे। इस बार यात्रियों को गुंजी से आगे बढ़ने पर ओम पर्वत के भव्य दर्शनों का लाभ भी मिलेगा। उच्च हिमालयी क्षेत्र में धुंध नहीं है। हिमालय की चोटियां साफ नजर आ रही हैं।
आईटीबीपी के सेनानी केदार सिंह रावत ने बताया कि प्रथम दल के यात्री 13 जून को धारचूला में रात्रि विश्राम करेंगे और 18 जून को गुंजी में मेडिकल परीक्षण के लिए रुकेंगे। यदि कोई यात्री गुंजी में होने वाले मेडिकल टेस्ट में अनफिट हुआ तो उसे आगे की यात्रा पर जाने से रोक दिया जाएगा। सेनानी ने बताया कि गुंजी से लिपुलेख तक हर दल के साथ आईटीबीपी का सशस्त्र सुरक्षा दस्ता रहेगा। वापसी में भी इसी तरह की व्यवस्था रहेगी। गुंजी पहुंची डाक्टरों की टीम को पर्याप्त दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।
आईटीबीपी ने अपनी ओर से यात्रा की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। कुमाऊं मंडल विकास निगम की जिम्मेदारी भोजन और आवास की रहेगी। निगम के कर्मचारी पड़ावों में पहुंच गए हैं।