पिथौरागढ़। भारतीय स्टेट बैंक की बड़ावे शाखा ने दो शहीद वीरांगनाओं को स्वाधीनता की 67वीं वर्षगांठ के अवसर पर सम्मानित किया। स्टेट बैंक ने पहली बार यह कार्यक्रम आयोजित किया और इसकी गांव के लोगों ने सराहना भी की।
1971 में भारत-पाक लड़ाई में शहीद मेजर जमुना दत्त जोशी की धर्मपत्नी कमलेंद्र मती जोशी और शांति सेना में शामिल होकर सूडान में शहीद नायक नंद किशोर जोशी की पत्नी भावना जोशी को बैंक की ओर से शॉल भेंट किया गया। इस मौके पर बैंक के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को हमेशा सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बड़ावे गांव के लोगों का देश की सेवा में बड़ा योगदान रहा है। यहां के वीर सैनिक आजादी के आंदोलन में भी सक्रिय रहे। आज भी कई लोग भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा कर रहे हैं।
इस मौके पर बैंक कर्मी जगदीश रौतेला, मनोज बिष्ट, विनोद सार्की, गांव के राम दत्त जोशी, विपिन जोशी, पीतांबर जोशी, दीवानी राम, नारायण दत्त जोशी, गणेश दत्त जोशी, लक्ष्मण सिंह मेहता, शिव सिंह मेहता आदि उपस्थित थे।