पिथौरागढ़/डीडीहाट। जिला मुख्यालय में चल रहा गणेश महोत्सव मूर्ति विसर्जन के साथ संपन्न हो गया है। 11वीं वाहिनी एसएसबी में चल रहे गणेश महोत्सव में संदीक्षा संस्था की महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
जिला मुख्यालय में चल रहे गणेश महोत्सव का रामेश्वर घाट में मूर्ति विसर्जन के साथ समापन हो गया। विसर्जन में सैकड़ों लोग शामिल हुए। लोगों ने गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ... के जयघोष के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जित की। इससे पहले रामलीला मैदान में भगवान गणेश की आरती हुई। डीडीहाट में बृहस्पतिवार को जवानों की पत्नियों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली, पंजाबी, हरियाणी, राजस्थानी संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम पेश किए। इस दौरान बाहरी राज्यों के जवानों की पत्नियां भी पूरी तरह कुमाऊंनी संस्कृति में रंगी दिखीं।
संदीक्षा की अध्यक्ष वर्षा शेरखाने ने कहा कि कुमाऊंनी संस्कृति अपने आप में विशिष्ट है। वह स्वयं महाराष्ट्र की हैं लेकिन यहां रहकर कुमाऊंनी संस्कृति के काफी निकट आ गई हैं। आयोजन स्थल पर सुबह, शाम भव्य आरती का आयोजन किया गया।