पिथौरागढ़। गणाईगंगोली के निकट रैतोली भिनगड़ी में 30 सितंबर की रात एक विवाहिता की हत्या मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका के पिता ने जिलाधिकारी को पत्र देकर कहा है कि उनकी बेटी की ससुराल के लोगों ने ही हत्या की थी। उन्होंने यह भी कहा है कि राजस्व पुलिस दोषियों को बचाने का काम कर रही है। जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने राजस्व पुलिस को निर्देश दिए हैं कि तत्काल मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
खड़कोट निवासी हीरा बल्लभ जोशी ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में कहा है कि उनकी बेटी विद्या का विवाह 15 साल पहले रैतोली भिनगड़ी निवासी गणेश दत्त जोशी के साथ हुआ था। आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के ससुराल वालों ने 30 सितंबर की रात धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी और पूरे मामले को नए तरीके से सामने लाने का प्रयास किया। उन्होंने पत्र में कहा है कि घटना के पांच दिन बीतने के बाद भी राजस्व पुलिस ने न तो इस कांड में लिप्त किसी व्यक्ति से पूछताछ की है और न कोई मुकदमा ही दर्ज किया है। हीरा बल्लभ जोशी ने कहा है कि यदि तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह गांव के लोगों को साथ लेकर आंदोलन को बाध्य हो जाएंगे। जिलाधिकारी ने राजस्व पुलिस को इस मामले की गहराई से पड़ताल करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। राजस्व पुलिस ने घटना के बाद मौका मुआयना किया था और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।