पिथौरागढ़। जिले में खुल रहे आठ नए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के लिए जमीन चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मड़मानले में स्वीकृत आईटीआई के लिए गांव के 18 लोगों ने 17 नाली नौ मुट्ठी जमीन दान में उपलब्ध करा दी है। इस जमीन की राजस्व विभाग में रजिस्ट्री भी करा दी गई है। मड़मानले में आईटीआई भवन के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है।
शासन ने जिले में मड़मानले के साथ-साथ जाखपुरान, बड़ावे, गौरीहाट, देवलथल, पांखू, बनकोट और गुरना में नए आईटीआई स्वीकृत किए हैं। अधिकारी इनके लिए जमीन की व्यवस्था करने में लग गए हैं। पिथौरागढ़ आईटीआई के प्रधानाचार्य बीके चौधरी ने मड़मानले जाकर लोगों की ओर से दान में दी गई जमीन की रजिस्ट्री कराई और यह जमीन आईटीआई के नाम कर दी है। उन्होंने बताया कि गांव के आन सिंह, भवान सिंह, धन सिंह, चंचल सिंह, अर्जुन सिंह, मान सिंह, सुरेंद्र सिंह, जोगा सिंह, कुशल सिंह, कुंवर सिंह, पुष्कर सिंह, गोपाल सिंह, बसंती देवी, मिलाप सिंह, कलावती देवी, दीपक सिंह, भूपाल सिंह ने अपनी जमीन दी है। 17 नाली 9 मुट्ठी जमीन में आईटीआई का भवन आसानी से बन जाएगा। अन्य आईटीआई के लिए भी जमीन चयन की प्रक्रिया चल रही है। जमीन की रजिस्ट्री कराते समय तहसीलदार लोकमणि भट्ट, राजस्व उपनिरीक्षक चंद्री चंद, आईटीआई के अनुदेशक जगदीश उपाध्याय, राजू धामी आदि मौजूद थे।