पिथौरागढ़। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित कैरियर काउंसलिंग कार्यशाला में विद्यार्थियों को राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी गई। अब यह व्यवस्था हो गई है कि धन के अभाव में कोई भी विद्यार्थी उच्च शिक्षा लेने से वंचित नहीं रहेगा।
विषय विशेषज्ञ रसायन विभाग विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. विपिन चंद्र जोशी ने उच्च शिक्षा में मिलने वाली छात्रवृत्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने कई छात्रवृत्ति योजनाएं शुरू की हैं। इसके अलावा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने इंस्पायर छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। इसमें बीएससी प्रथम वर्ष से एमएससी तक 80 हजार रुपए वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाती है। केंद्रीय सेक्टर स्कीम में दस हजार रुपए की छात्रवृत्ति दी जाती है। कालेज के प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने कहा कि विद्यार्थियों को राज्य और केंद्र सरकार की ओर से दी जाने वाली छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठाना चाहिए। उपप्राचार्य डा. आरडी जोशी ने कहा आज बड़े कारपोरेट घराने भी स्कूलों को गोद ले रहे हैं। संचालन कैरियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ के संयोजक डा. टीसी पांडे ने किया। इस मौके पर डा. एनएस बनकोटी, डा. प्रमोद जोशी, डा. जीएस बोरा ने विभिन्न विषयों की जानकारी दी।