पिथौरागढ़/चंपावत। पिथौरागढ़ के 11 परीक्षा केंद्रों में और चंपावत के चार और लोहाघाट के छह परीक्षा केंद्रों समूह ‘ग’ की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। पिथौरागढ़ में 3754 अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था। इनमें से 1060 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र द एशियन एकेडमी में बनाया गया था। वहां पर 900 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा के नोडल अधिकारी कनालीछीना पालीटेक्निक कालेज के प्रधानाचार्य सुमित कुमार सिंह ने बताया कि मिशन इंटर कालेज, एलडब्लूएस कन्या इंटर कालेज, विवेकानंद विद्या मंदिर, केएनयू राजकीय इंटर कालेज, द एशियन एकेडमी, डिग्री कालेज, मानस एकेडमी, मल्लिकार्जुन स्कूल, सोरवैली स्कूल, दयानंद इंटर कालेज, जीजीआईसी ऐंचोली में परीक्षा केंद्र बनाया गया था। द एशियन एकेडमी और डिग्री कालेज में दो दो केंद्र थे। किसी भी केंद्र से किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं है। एशियन एकेडमी के केंद्र व्यवस्थापक वीरेंद्र सिंह पाल ने बताया कि उनके केंद्र में परीक्षा संपन्न कराने के लिए 70 कक्ष निरीक्षक और 10 विशेष कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए थे। यही व्यवस्था अन्य केंद्रों में भी अभ्यर्थियों की संख्या के हिसाब से की गई थी। हर जोन में एक एक जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। परीक्षा अपराह्न दो बजे से चार बजे तक चली। जिले के दूर दूर इलाकों से अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए आज सुबह ही यहां पहुंच गए थे।
चंपावत में समूह ग की परीक्षा रविवार को शांतिपूर्वक तरीके से निपट गई। नोडल अधिकारी राजकीय पालीटेक्निक के प्राचार्य राजीव गुप्ता ने बताया कि चंपावत के चार और लोहाघाट के छह परीक्षा केंद्रों में पंजीकृत 3699 अभ्यर्थियों में से 1197 अनुपस्थित रहे। चंपावत के एसडीएम नरेश दुर्गापाल, लोहाघाट के एसडीएम परितोष वर्मा, सीओ पीएस पांगती, एसओ मनोज रतूड़ी आदि परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों में निगरानी करते रहे। जोनल मजिस्ट्रेट के प्राचार्य राजीव गुप्ता के अनुसार सभी केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।