पिथौरागढ़। एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक दिवसीय एनएसएस शिविर का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर कालेज परिसर की सफाई की।
प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी डा. जीवन सिंह गढ़िया के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न समूहों में महाविद्यालय परिसर के प्रांगण, संकाय, मुख्य सभागार, परीक्षा भवन के आसपास की सफाई की। परिसर के आसपास की गाजर घास काटी और कूड़ा एकत्र कर उसमें आग लगाई। बाद में आयोजित गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास करने का प्रयास करती है। यह तभी संभव हो सकता है जब विद्यार्थी सामाजिक और नागरिक दायित्व की भावना से काम करेंगे। प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी गढ़िया ने जल प्रदूषण के कारण, प्रभाव और उसे दूर करने के उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने महिला हिंसा, भ्रूण हत्या, दहेज उत्पीड़न पर विचार रखे।
अभियान में रमेश भट्ट, हरीश जोशी, राजेंद्र सिंह बिष्ट, सुरेंद्र सिंह, कंचन खर्कवाल, नीलम सुगड़ा, ऋचा जोशी, तनुजा टम्टा, प्रवीन जोशी, नवराज भैंसोड़ा, हयात गिरी आदि शामिल थे।