अस्कोट में पिकप वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त मकान
- फोटो : अमर उजाला
अस्कोट-नारायणनगर मार्ग के किनारे स्थित एक मकान पर बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे एक पिकप वाहन चालक ने टक्कर मार दी। मकान से वाहन को टकराने के बाद चालक फरार हो गया। वाहन के टकराने से मकान में दरारें आ गई और झटके से कमरे में मेज पर रखी टीवी जमीन पर गिर गई। जिस समय यह घटना हुई परिवार के लोग सोए थे। वाहन टकराने के बाद सभी लोग बाहर आए। रात ही में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को सीज कर दिया।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात पिकप वाहन लेकर एक चालक अस्कोट-नारायणनगर मार्ग से जा रहा था। अस्कोट बाजार से थोड़ी दूरी पर स्थित त्रिलोक सिंह रावत के मकान पर उससे वाहन से टक्कर मार दी। वाहन को मकान से टकराने के बाद चालक मौके से फरार हो गया। मकान मालिक त्रिलोक सिंह के अनुसार वाहन की टक्कर से पूरा मकान हिल गया।
दीवार पर दरारें आ गई और खिड़की तथा दरवाजे टेढ़े हो गए हैं। इस बीच जानकारी मिली है कि दोनों पक्षों में समझौते से मामला सुलझाने की कोशिश चल रही है। पुलिस ने कहा कि यदि समझौता नहीं हुआ तो वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।