ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। फिल्म अभिनेता गोविंदा बृहस्पतिवार को मां गंगा का आशीर्वाद लेने ऋषिकेश पहुंचे। गोविंदा को तीर्थनगरी इतनी भा गई कि भविष्य में फिल्म की शूटिंग की योजना बना डाली। कुछ पल तीर्थनगरी में बिताने के बाद वे हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। बृहस्पतिवार को तीर्थनगरी ऋषिकेश पहुंचे फिल्म अभिनेता गोविंदा ने मुनिकीरेती के रामझूला व स्वर्गाश्रम का भ्रमण किया। उन्होंने रामझूला पुल से मां गंगा के मनमोहक नजारों का आनंद उठाया। इसके बाद वह मुनिकीरेती स्थित होटल में बैठकर मक्के की रोटी, सरसों का साग और पनीर टिक्के का स्वाद चखा।
उन्होंने बताया कि तीर्थनगरी से उनका पुराना नाता रहा है। जब भी मौका मिलता है वे तीर्थनगरी भ्रमण करने पहुंच जाते हैं। उन्होंने बताया कि उनका यह निजी दौरा है। वह केवल जीवनदायिनी मां गंगा का आशीर्वाद व पसंदीदा स्थल पर जीवन के कुछ पल बिताने के मकसद तीर्थ नगरी पहुंचे हैं। ऋषिकेश इतनी खास और आंखों को सुकून देने वाली जगह है कि आने वाले समय में यहां वादियों में फिल्म की शूटिंग का भी विचार बना रहे हैं। कुुछ फिल्म प्रोजेक्ट्स हैं जो आने वाले दिनों में तीर्थनगरी का हिस्सा होंगे। गोविंदा वादा करके गए हैं कि भविष्य में जब भी तीर्थनगरी आने का मौका मिलेगा वे दोबारा मक्के की रोटी और सरसों के साग का स्वाद जरूर लेंगे।