ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। भैरव कॉलोनी में कई माह से घरों में गंदा पानी आने और लो प्रेशर की समस्या की शिकायत पर मंगलवार को जल संस्थान की जेई पिंकी चंद ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान समस्या से जूझ रहे लोगों ने जेई का घेराव कर समस्या के जल्द निस्तारण की मांग की।
पार्षद शकुंतला शर्मा ने बताया कि बीते कई माह से भैरव कॉलोनी स्थित घरों के नलों में गंदा पानी आ रहा है। इससे लोगों के सामने पीने के पानी का संकट गहरा गया है। पानी के लो प्रेशर की समस्या से भी लोग परेशान हैं। बताया कि कई जगहों पर पानी की पाइपलाइनें भी क्षतिग्रस्त हैं। इनसे पीने का पानी नालियों में बहकर बर्बाद हो रहा है। समस्या के निस्तारण को लेकर स्थानीय लोगों ने जेई को ज्ञापन भी सौंपा।
मामला संज्ञान में लेकर जल संस्थान की जेई पिंकी चंद ने पंप हाउस में पानी का निरीक्षण किया। जहां पानी में मिट्टी की मात्रा अधिक पाई गई। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सभी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।
इस दौरान पार्षद मनीष शर्मा, सुधाकर पुरोहित, देवेंद्र कोठारी, सुधीर रावत, अनुज सैनी, मनोज सहगल, राम दयाल रावत, मंजीत, प्रदीप, वेदप्रकाश शर्मा, रामस्वरूप, मोहन लाल, शेखर जेठुड़ी, मोर सिंह आदि उपस्थित रहे।