ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । ढालवाला से चंद्रेश्वर नगर तक नाले के ऊपर बनी सड़क पूरी तरह अतिक्रमण की चपेट में है। नाले के ऊपर बनी 10 फिट सड़क वर्तमान में पांच फिट पर सिमट कर रह गई है। इससे इस सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नाले ऊपर सड़क बनने के बाद नाले के समीप रहने वाले लोगों ने अपने घर के दरवाजे सड़क की ओर खोल दिए। इन्हीं लोगों ने आधी सड़क को घेर कर सीढ़ियों का निर्माण कर लिया है।
इतना ही नहीं कई लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण करते हुए अपने घरों की दीवारें तक खड़ी कर दी हैं। इस सड़क पर अतिक्रमण करने का ज्यादातर मामला शीशमझाड़ी व चंद्रेश्वर नगर में देखने को मिल रहा है। आवागमन की सुविधा के लिए बनाई गई सड़क वर्तमान में लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है।
शिकायतों के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं
स्थानीय निवासी व सामाजिक कार्यकर्ता शांति गौड़ का कहना है कि वर्तमान में कई लोगों ने अपनी सुविधा के लिए सड़क को घेर लिया है। इस पर विभागीय अधिकारियों को सख्त कदम उठाना चाहिए। वार्ड के पूर्व सभाषद सचिन रस्तोगी का कहना है कि पूर्व में कई बार विभागीय अधिकारियों को इसकी शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण कर लिया है।
कोट्स
नाले के ऊपर बनाई गई सड़क पर अतिक्रमण किए जाने का मामला संज्ञान में नहीं है। आज तक इसकी शिकायत विभाग को नहीं मिली है। अगर सड़क पर अतिक्रमण किया गया है तो इसे दिखाया जाएगा। सड़क पर किए गए अतिक्रमण को सख्ती के साथ हटवाया जाएगा।
- मंगल सिंह, सहायक अभियंता, सिंचाई विभाग