ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
विभागीय लापरवाही के चलते ढालवाला, मित्र विहार के पास भद्रकाली टैंक में जाने वाली मेन राइजिंग लाइन फट गई। समय रहते विभाग ने इसके लीकेज पर ध्यान नहीं दिया। इससे ढालवाला और चौदह बीघा क्षेत्र में पानी के लिए हाहाकार मच गया। करीब 15 हजार की आबादी पानी को तरस गई। आनन फानन में जलसंस्थान ने पानी के टैंकर भेजे, लेकिन ये नाकाफी साबित हुए। वार्ड सात से वार्ड 11 तक तक के लोग बड़ी संख्या में नलकूप से पानी ढोते नजर आए।
स्थानीय लोगों के अनुसार राइजिंग लाइन में कई दिनों से लीकेज हो रही थी। जानकारी के बाद भी विभागीय कर्मियों ने इस समस्या को दूर नहीं किया। मंगलवार भद्रकाली टैंक में पानी भरने के दौरान अचानक फट गई। जल संस्थान के जेई प्रमोद हटवाल और अन्य कर्मियों ने उसे जोड़कर दुरुस्त किया। लेकिन बुधवार सुबह राजीव ग्राम और शांतिनगर स्थित पंप हाउसों से भद्रकाली टैंक में पानी भेजने के लिए पंप हाउस चालू किया गया तो अचानक शांतिनगर के पंप हाउस नंबर-1 की मोटर खराब हो गई। इससे भद्रकाली टैंक में पानी की सप्लाई ठप हो गई। इसी टैंक से ढालवाला और चौदह बीघा की अधिकांश पाइप लाइनों में पानी की सप्लाई होती है।
आज आपूर्ति सुचारू होने की उम्मीद
बड़ा लीकेज होने के कारण मेन राइजिंग लाइन को नहीं छेड़ा गया था। ढालवाला शांतिनगर स्थित पंप हाउस की मोटर खराब होने की वजह से भद्रकाली टैंक में पानी नहीं पहुंच पाया है। इस वजह से बुधवार को ढालवाला और चौदह बीघा में पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाई। बृहस्पतिवार से इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।
राजेश चौहान, जलकल अभियंता