करीब 200 दंत सर्जनों की प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में नियुक्ति होगी। यह कहना था सूबे के मुख्यमंत्री हरीश रावत का। मौका था अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर सीमा डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम का। जहां मुख्यमंत्री ने 104 वरिष्ठ लोगों को कृत्रिम दांतों का सेट बांटा। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2017 में सीमा डेंटल कॉलेज में होने वाले 19वीं पीजी कन्वेंशन की वेबसाइट का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री रावत तय समय से सवा दो घंटे देरी से कार्यक्रम में पहुंचे। सीएम ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक ही समाज को सही दिशा देने का काम करते हैं। वृद्धों को सबसे अधिक जरूरत दांतों की होती है। कहा कि हमें शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए अभियान चलाने की जरूरत है। वृद्ध लोगों के लिए सरकार ने ‘मेरे बुजुर्ग मेरे तीर्थ यात्रा’ योजना चलाई है। साथ ही 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को रोडवेज बसों में नि:शुल्क सफर की सुविधा मुहैया कराई गई है। आंतकवाद के खिलाफ भारत ने जो प्रहार किया है, उसके लिए भारतीय सेना और प्रधानमंत्री बधाई के पात्र हैं। आंतकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ा है।
विशिष्ट अतिथि विधायक प्रेम चंद अग्रवाल ने सीमा डेंटल की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में नि:शुल्क स्वास्थ शिविर आयोजित करने की सराहना की। विधायक ने सीएम को ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में एक महाविद्यालय और एक महिला महाविद्यालय खोलने, ट्रंचिंग ग्राउंड निर्माण करने सहित 21 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। संस्थान के डायरेक्टर डॉ. हिमांशु ऐरन ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन ज्योत्सना सेठ और डॉ. गगन शर्मा ने किया। मौके पर संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. आरके गुप्ता, चेयरमैन डॉ. अमित गुप्ता, कार्यकारी निदेशक अजय गर्ग, पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, मंडी समिति अध्यक्ष रामविलास रावत, अंकिता गुप्ता, जयता गुप्ता, विवेक संग आदि उपिस्थत थे।