श्यामपुर न्याय पंचायत के ग्राम सभा खड़कमाफ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज खदरी में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर के तीसरे दिन अमर उजाला की मुहिम अपराजिता 100 मिलियन स्माइल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाजसेवी विनोद जुगलान ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा मतदान लोकतंत्र का महापर्व है। इस बार युवाओं विशेषकर नए मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी कि वे लोकसभा में किस प्रकार के प्रत्याशी को देखना चाहते हैं। निष्पक्ष और निर्भीकतापूर्वक स्वतंत्र मतदान के लिए निर्वाचन आयोग ने विजिल एप सहित वीवीपैट जारी किया है। यदि कहीं भी आदर्श चुनाव संहिता का उल्लंघन दिखाई देता है तो मतदाता तुरंत शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर में उपस्थित युवाओं को मतदान को लेकर समाज में आगे आने और निर्भीकता पूर्वक मतदान करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान खदरी सरोप सिंह पुंडीर, राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. आरबी सिंह, कार्यक्रम अधिकारी राकेश रतूड़ी, विद्यालय के शिक्षक और पूर्व कार्यक्रम अधिकारी परविंदर कुमार आदि उपस्थित रहे।
परिचर्चा
अपने मत का सही ढंग से प्रयोग करके ही हम योग्य उम्मीदवार को जीत दिला सकते हैं। हमें किसी भी पार्टी या प्रत्याशी के दबाव में आकर मतदान नहीं करना चाहिए।
- साक्षी भट्ट, छात्रा
मतदान हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है। हमें अपने मत का प्रयोग करते हुए ऐसे व्यक्ति को चुनना चाहिए, जो चरित्रवान हो और देश के विकास में अपनी कुशल भूमिका निभा सके।
- साक्षी नेगी, छात्रा
मतदान बहुत महत्वपूर्ण है, कभी-कभी एक मत से प्रत्याशी के भविष्य का फैसला हो जाता है। मतदाताओं को मतदान में बढ़ चढ़कर उत्साहपूर्वक हिस्सा लेना चाहिए।
- आस्था पूर्वाल
मतदान में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवा देश का भविष्य हैं लेकिन आज के युवा नशे के प्रलोभन में आकर प्रत्याशियों के झांसे में आ जाते हैं। हमें जागरुकता लानी होगी।
- कविता भंडारी, छात्रा
युवाओं को स्वतंत्र होकर मतदान करना चाहिए। जो युवा पहली बार मतदाता बने हैं, उन्हें उत्साहपूर्वक मतदान में प्रतिभाग करते हुए इसे उत्सव के रूप में मनाना चाहिए।
- नीलम कपसूड़ी
सरकार बनाना आता है क्योंकि हम मतदाता हैं...
ग्राम सभा खदरी खडकमाफ में राजकीय इंटर कॉलेज खदरी के छात्र और छात्राओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर के तहत मतदाता जनजागरुकता रैली निकाली गई। इस दौरान छात्रों ने मतदाताओं को 11 अप्रैल के दिन वोट देने की अपील की। खदरी में आयोजित जनजागरुकता रैली में एनएसएस के स्वयंसेवकों सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व को उत्सव के रूप में मनाए जाने का आह्वान किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने मतदाताओं को निष्पक्ष और निर्भीक रहकर शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की।
स्वयंसेवक रैली के दौरान हाथ में तख्तियां और स्लोगन लिखे बैनर उम्र 18 पूरी है मतदान करना जरूरी है, आन बान शान से सरकार बने मतदान से, सरकार बनाना आता है क्योंकि हम मतदाता है, सारे काम छोड़कर मतदान करो दौड़कर और नशे से न नोट से सरकार बनाओ वोट से आदि लेकर नजर आए। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता विनोद जुगलान विप्र, कार्यक्रम अधिकारी राकेश रतूड़ी, शिक्षक पविंद्र कुुमार चौधरी, मोर सिंह भंडारी, छात्र आकाश बलूनी, अमित कैंतुरा, मोहित कुमार, रोहित राणा, संजय डबराल, रितिक, नितेश बड़थ्वाल, दिव्यांश राणा, आर्यन बसोनी, अंकित कुुमार, अनीश पुनिया, अमन बलूनी, दिव्या उनियाल, गीतांजलि, हिमानी ध्यानी, कंचन नेेगी, मनीषा पुंडीर, मोनिका रावत, ऋचा जेठुड़ी, शिवानी कुमांईं आदि उपस्थित रहे।