श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पं. ललित मोहन शर्मा परिसर में उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी की ओर से निशुल्क पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। मेले में आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने अपने अध्यापकों के साथ प्रतिभाग किया।
विश्वविद्यालय के गणित विभाग के प्रो. गौरव वार्ष्णेय व प्रधानाचार्य उमाकांत पंत की ओर से कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं को शैक्षिक भ्रमण करवाया गया। उन्होंने छात्रों को उच्च शिक्षा के महत्व और अवसरों की जानकारी दी। प्रो. गौरव वार्ष्णेय ने बताया कि पुस्तकें जीवन की सच्ची मार्गदर्शक होती हैं, जो हमें सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। ऐसे शैक्षिक आयोजन छात्रों के बौद्धिक विकास और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी नरेंद्र खुराना ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर प्रवेश कुमार, राजू शर्मा, सतीश चौहान, मनोरमा शर्मा आदि शामिल रहे।