ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
बृहस्पतिवार की देर शाम रामपुर चुंगी पर सवारियों से भरा टेंपो डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इससे टेंपो सवार पिथौरागढ़ निवासी एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके साथी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टेंपो चालक मौके पर ही टेंपो छोड़कर फरार हो गया।
घटनाक्रम के अनुसार, बृहस्पतिवार को किशनपुर भगवानपुर के एक स्कूल में आयोजित एसएससी की परीक्षा थी। परीक्षा शामिल होने आए नितेश सोन (21) पुत्र किशन सिंह निवासी लेलू तारुली गांव, जिला पिथौरागढ़ अपने साथी पिथौरागढ़ निवासी सौरभ के साथ टेंपो में रुड़की आ रहा था। इसी बीच रात करीब साढ़े सात बजे रामपुर चुंगी पर टेंपो डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इसमें नितेश को सिविल अस्पताल के चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी सौरभ के अलावा संतरा निवासी नंद विहार, रुड़की और प्रांजल कुमार निवासी आवास विकास रुड़की घायल हो गए। उनका उपचार चल रहा है।