चंबा (टिहरी)। चंबा-उत्तरकाशी राष्ट्रीय राजमार्ग पर हड़म गांव के पास सड़क जानलेवा बनी हुई है। तीव्र घुमावदार मोड़ होने से पाला लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने 15 दिनों के भीतर पैराफिट न लगाने पर राजमार्ग को जाम करने की चेतावनी दी है।
चंबा-उत्तरकाशी राष्ट्रीय राजमार्ग के किमी दो पर हड़म गांव के निकट सड़क पर तीव्र ढलान है। यहां इन दिनों पाला कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। ऐसे में यहां बचाव के लिए पैराफिट बनाने की जरूरत है। दो दिन पहले भी एक बस इसी स्थान पर रपट गई थी। जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का सिलसिला बना हुआ है। प्रधान सुनील गोपाल कोठारी, तिलकराम चमोली ने दुर्घटना से बचने के लिए पैराफिट या एंगिल गार्ड लगाने की मांग की है। उन्होंने 15 दिन के अंदर सड़क की स्थिति ठीक न करने पर राजमार्ग जाम करने की चेतावनी दी है।