नैनबाग (टिहरी)। खता बीएसएनएल की और सजा भुगत रहे हैं उपभोक्ता। बिल जमा न होने पर ऊर्जा निगम ने बीएसएनएल के छह मोबाइल टावरों के कनेक्शन काट दिए हैं। जिससे जौनपुर प्रखंड के करीब 50 हजार बीएसएनएल उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन तीन दिन से शोपीस बने हैं। ऊर्जा निगम के अधिकारियों का कहना है कि बिल भुगतान होने पर ही आपूर्ति बहाल की जाएगी।
ऊर्जा निगम ने 6 मार्च को टटोर, नैनबाग, श्रीकोट, मेलगढ़, कैंपटी और द्वारगढ़ में लगे बीएसएनएल के मोबाइल टावरों के विद्युत कनेक्शन काट दिए हैं। उपभोक्ताओं ने बीएसएनएल के अधिकारियों से सिगनल गायब होने पर अधिकारी तकनीकी खराबी बता रहे हैं। जबकि वास्तविकता यह है कि विद्युत बिल जमा न होने पर ऊर्जा निगम ने टावरों के कनेक्शन काटे हैं।
इनका कहना है
बीएसएनएल ने लंबे समय से टावरों का विद्युत बिल भुगतान नहीं किया है। लगभग एक टावर पर 25 से 35 हजार का बिल बकाया चल रहा है। एक सप्ताह पहले ही बीएसएनएल को बिल जमा करने का नोटिस जारी दिया गया था। लेकिन 9 मार्च तक भी बीएसएनएल की ओर से भुगतान नहीं किया गया है। -विकास भारती एसडीओ ऊर्जा निगम चंबा
बकाया विद्युत बिल जमा किया जा चुका है। कब और कितनी राशि जमा की गई, कार्यालय से बाहर होने के कारण वास्तविक जानकारी नहीं है। आवश्यक सेवा में व्यवधान डालकर ऊर्जा निगम ने अच्छा नहीं किया है। -संजीव धोरे जेटीओ बीएसएनएल बड़कोट