नई टिहरी। जिले के एक लाख 42 हजार 220 मनरेगा के जॉब कार्ड धारकों में से केवल 824 लोगों को ही 100 दिन का रोजगार मिल पाया है। 100 दिन का रोजगार पाने में चंबा ब्लॉक सबसे पीछे है। यहां मात्र 35 लोगों को ही इस वर्ष 100 दिन का रोजगार मिल पाया है।
वर्ष 2005 में शुरू हुई मनरेगा योजना में जिले को प्रथम चरण में शामिल किया गया था। प्रत्येक जॉब कार्ड धारक को वर्षवर में 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराने का प्राविधान है। जिले में एक लाख 42 हजार 220 जॉब कार्ड धारक हैं, लेकिन इस साल मात्र 824 लोगों को ही 100 दिन का रोजगार मिल पाया है। योजना में इस वर्ष जिले को 31 करोड़ एक हजार का बजट मिला है, जिसमें से अब तक 59 करोड़ 30 लाख 20 हजार की धनराशि खर्च हो चुकी है। बावजूद इसके कई गांवों में मजदूरों को पांच महीने से भुगतान नहीं हो पाया है। सौ दिन का रोजगार पाने में कीर्तिनगर ब्लॉक सबसे आगे रहा है। यहां 150 लोगों ने 100 दिन का रोजगार पाया है। चंबा ब्लॉक में सिफ 35 लोगों को 100 दिन का रोजगार मिला है। थौलधार में 60, भिलंगना में 108, प्रतापनगर में 142, जाखणीधार में 123, देवप्रयाग में 148, नरेंद्रनगर में 58 लोगों को 100 दिन का रोजगार मिला है।
मांग के आधार पर श्रमिकों को रोजगार दिया जाता रहा है। भुगतान नहीं होने संबंधी जानकारी नहीं है। शिकायतें मिलने पर संबंधित ब्लाक के कार्यक्रम अधिकारी को निस्तारण के निर्देश दिए जाते हैं।
आरएस रावत, जिला विकास अधिकारी।