नई टिहरी। चंबा नगर क्षेत्र के व्यापारियों ने डीएम को दिए ज्ञापन में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर लोगों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि जहां अतिक्रमण हटाया जा रहा है, उनमें से अधिकतर दुकानें नगर पंचायत ने आवंटित की है।
कलक्ट्रेट पहुंचे व्यापारियों ने बताया कि प्रशासन ने कई ऐसी दुकानें हटाई हैं, जो नगर पंचायत की ओर से आवंटित की गई है। बुद्धि सिंह पुंडीर ने बताया कि उन्हें नगर पंचायत से दुकान आवंटित की गई थी, लेकिन प्रशासन ने उसे तोड़ दिया। गबर सिंह ने बताया कि ऋषिकेश चौक पर स्थित दुकान खाली करने के लिए पुलिस अनावश्यक दबाव बना रही है। कई ऐसी दुकानें हैं, जिसका नगर पंचायत को मूल्य चुकाया गया है। ज्ञापन देने वालों में भगत सिंह लामा, कीर्ति पंवार, राजेंद्र पंवार, राजेंद्र डिमरी, इंदू मियां, विकास, सुरेंद्र, चंडी प्रसाद, टीकराम और रमेश पंवार आदि शामिल थे।
प्रशासन ने 46 को भेजा नोटिस
चंबा (टिहरी)। नगर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के मामले में कुछ व्यापारियों के विरोध को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल हाथ पीछे खींच लिए हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि 46 लोगों को अतिक्रमण हटाने के नोटिस दिए गए हैं। यदि उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने 18 मई से चंबा में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया था। मगर कुछ व्यापारियों के विरोध को देखते हुए हाथ पीछे खींच लिए हैं। वहीं एसडीएम डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लोगों को कुछ दिन के लिए स्वयं ही अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया है। यदि निर्धारित तिथि तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।