नई टिहरी। टिहरी बांध की विशाल झील में पर्यटक जल्द ही साहसिक खेलों का लुत्फ उठा सकेंगे। हालांकि इसके लिए उन्हें अभी दो वर्ष और इंतजार करना पड़ेगा। केंद्र सरकार ने कोटीकालोनी में प्रस्तावित राजीव गांधी साहसिक खेल अकादमी के विस्तार के लिए पर्यटन विभाग को 35 करोड़ जारी किए हैं। जिससे ईको लॉग हट, फ्लोटिंग लॉग हट, स्कूवा डाइविंग और हाईटेक शौचालय आदि का निर्माण शीघ्र शुरू किया जा रहा है।
42 वर्ग किमी में फैली बांध की झील में साहसिक खेल गतिविधियां संचालित करने की कवायद को पंख लगने लगे हैं। 3426.54 लाख रुपये की लागत से झील के आस-पास कोटीकालोनी, तिवाड़गांव, कंडीसौड़, उप्पू, सिराईं, भल्डियाना, गडोलिया, मदननेगी और खांडखाला आदि क्षेत्रों में स्कूवा डाइविंग, हाइटेक ट्वाइलेट, चेंजिंग रूम, फ्लॉटिंग जटी, ईको लॉग हट, टूरिस्ट पथ-वे, इंटरनल पथ-वे, मांउटेन बाइकिंग ट्रेक, वाच टावर, रेस्टरूम, व्यूप्वाइंट, पार्किंग और ट्रेनिंग रूम आदि का निर्माण शुरू किया जा रहा है। यह सब कार्य समय पर पूरा होता है, तो लंबे इंतजार के बाद टिहरी बांध की झील पर्यटकों से गुलजार होगी।
साहसिक खेल अकादमी के तहत एडवेंचर टूरिज्म के लिए केंद्र सरकार से अब तक कुल 40 करोड़ रुपये मिले हैं। पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रस्तावित निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। कार्य पूरा होने में दो वर्ष लग सकते हैं। - जसपाल चौहान, जिला पर्यटन अधिकारी नई टिहरी।