नई टिहरी। लोनिवि के अधिकारी भी यह बताने की स्थिति में नहीं हैं कि जिले में बंद पड़ी एक दर्जन सड़कों पर यातायात कब तक बहाल हो पाएगा। जिले में 42 जेसीबी बंद सड़कों को खोलने के लिए लगाई गई हैं, पर हालात के आगे विभाग लाचार बना हुआ है। सड़कें बंद होने से करीब तीन दर्जन गांवों का ब्लॉक और तहसील मुख्यालयों से संपर्क कटा हुआ है। जौनपुर और भिलंगना ब्लॉक में हालात ज्यादा खराब हैं। यहां संपर्क मार्गों के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से बीमारों को अस्पताल तक पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। लोग अपनी रोजमर्रा जरूरत की चीजों की खरीद के लिए मीलों पैदल सफर तय कर रहे हैं।
जिले के अन्य ग्रामीण इलाकों में संपर्क मार्ग बंद होने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए 5 से 10 किमी तक की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। कुछ सड़कों पर बीच-बीच में टैक्सियां चल रही है लेकिन टैक्सी चालक मनमाना किराया वसूल रहे है। बाजार से लोग आवश्यक खाद्य सामग्री पीठ पर ढोकर ला रहे हैं।
ये सड़कें हैं बंद
भद्रीगाड-वनचौरा
सिलक्यारा-वन गांव
मोटणा-मदननेगी
किलकिलेश्वर-सिल्काखाल
थाती-कोट-घंडियालगांव
जखेड़, खोला
घुत्तु-देवलिंग
बूढ़ाकेदार-अगुंडा
कैरी-चटोगी
ये गांव तय कर रहे 10 किमी की पैदल दूरी
खेराड़, मातली, मुनोग, टिकरी, विरोड, म्याडी जाखधार, रौलाकोट, कंगसाली,मोटणा, पडिया, पथियाणा, भैनगी, ग्वाड़, बंदासा, गोनी, सोनी, चोन्नी, कफना, खोगचा, ओलाणा, रि, गंगी, कोट, झाला, पिन्सवाड
दोगुना किराया वसूल रहे टैक्सी चालक
भद्रीगाड-वनचौरा मोटर मार्ग पर तीन-चार रोज पहले छोटे वाहनों का आवागमन शुरू हो चुका है। इस मार्ग पर टैक्सी चालक यात्रियों से दोगुना किराया वसूल रहे हैं। म्याडी जाखधार निवासी हरेंद्र सिंह, राम प्रसाद भटकोटी का कहना है कि वाहन चालकों ने खुलेआम लूट मचा रखी है। 26 अगस्त को जब वे गांव से नैनबाग जा रहे थे तो 20 किमी का किराया उनसे 40 रुपये के बजाय 80 रुपये लिया गया।
जो भी सड़कें बंद है, उन सभी पर काम चल रहा है। कुछ सड़कें पर यातायात बहाल हो गया था लेकिन बारिश के कारण यह सड़कें दुबारा बंद हो गई है। सड़कें पूरी तरह कब खुल पाएंगी, यह मौसम पर ही निर्भर करेगा।
-चारू चंद्र जोशी, अधीक्षण अभियंता, लोनिवि टिहरी
वाहन चालकों के अधिक किराया वसूलने की शिकायत यात्रियोें को वाहन संख्या के साथ लिखित में करनी चाहिए। यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए सभी वाहनों पर विभाग और पुलिस प्रशासन के मोबाइल नंबर चस्पा भी किए गए है।
-सुरेंद्र कुमार, एआरटीओ, नई टिहरी