नैनबाग (टिहरी)। जौनपुर ब्लाक के संपर्क मार्गों पर जीप-टैक्सियों में ओवरलोडिंग का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रही है। नियम-कानूनों को धत्ता बताकर वाहन चालक लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। लेकिन प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है।
ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़ जाने वाली अगलाड-थत्यूड़ मोटर मार्ग पर शुक्रवार को एक यूटिलिटी वाहन में 30 से अधिक लोग सफर कर रहे थे, जबकि यूटिलिटी में चालक सहित छह से अधिक लोग सवार नहीं हो सकते हैं। अगलाड-थत्यूड़ मोटर मार्ग पर बस सुविधा नहीं है। ऐसे में लोग जान जोखिम में डालकर छोटे वाहनों पर ओवरलोडिंग होकर सफर करने को मजबूर हैं। थत्यूड़ बाजार से अगलाड-थत्यूड़ मोटर मार्ग पर सिरवा, सेंजल, छनाणगांव, परोडी, टिकरी, क्यारी, टकारना, ललोटना, बिच्छू, द्वारगढ़, गरखेत, कुदाऊं, परोगी, कांडी, बंदारकोट आदि गांव के लोग आवागमन करते हैं। थत्यूड़ की संजावती देवी, जावंती कुशलवाल का कहना कि जीप-टैक्सियों में जगह कम होने के कारण मजबूरन उन्हें ओवरलोडिंग के साथ सफर करना पड़ता है।
ओवरलोडिंग रोकने के लिए विभाग ने पिछलेे दिनों अभियान चलाया था। दर्जनों वाहनों के चालान भी किए गए। कुछ हद तक व्यवस्था में सुधार हुआ है। चुनाव के बाद फिर से सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से ओवर लोडिंग करने वाले वाहनों की सूचना उपलब्ध कराने को कहा है। ताकि चालक का लाइसेंस निरस्त किया जा सके।
-डा. अनीता चमोला, एआरटीओ टिहरी