नई टिहरी। नगर पालिका परिषद में 1996-98 तक हुई नियुक्तियों की पत्रावलियां एसडीएम ने तलब कर दी है। एसडीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को 30 जून को नियुक्ति संबंधी सभी दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। जांच संबंधी पत्र मिलने से पालिका कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है। अपनी गर्दन बचाने के लिए कर्मचारी नियुक्ति की पत्रावलियों को अपडेट करने में लगे हुए हैं।
नगर पालिका परिषद में 1996-98 तक नियम विरुद्ध नियुक्तियां किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पांच पदों के सापेक्ष 19 लोगों को नियुक्ति दी गई थी, जिनमें से कुछ कर्मचारी चार साल पहले पदोन्नति भी ले चुके हैं। ये कर्मचारी केंद्रीयकृत वेतनमान का लाभ भी ले रहे हैं, वहीं उसी दौरान कुछ कर्मचारियों को संविदा पर रखा गया था। जो आजतक भी नियमित नहीं हो पाए हैं।
स्थिति यह है कि नियुक्ति के लिए कोई विज्ञप्ति भी प्रकाशित नहीं की गई थी। मंडलायुक्त की अनुमति और बोर्ड प्रस्ताव के आधार पर नियुक्तियां कर दी गई थी। संविदा कर्मियों के नियमित नहीं होने पर पालिका कर्मचारी दो धड़ों में बंट गए थे। दोनों धड़े एक-दूसरे की शिकायत करते रहे। शिकायत पर दो माह पहले पालिकाध्यक्ष ने कुछ कर्मियों का वेतन भी रोक दिया था। पिछले दिनों नियुक्ति का यह मामला जिलाधिकारी दरबार तक पहुंच गया था, जिस पर उन्होंने एसडीएम को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है। एसडीएम अभिषेक त्रिपाठी ने पालिका के अधिशासी अधिकारी को 30 जून को नियुक्ति की समस्त पत्रावलियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने एसडीएम के पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि नियुक्ति का मामला इतना बड़ा नहीं है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।