नई टिहरी। जाखणीधार ब्लाक के चाह गडोलिया ग्राम प्रधान पद के निर्वाचित प्रत्याशी मोहन सिंह वेबसाइट पर डाले गए चुनाव परिणामों में पहले हार गए थे। बाद में उन्हें निर्वाचित घोषित किया गया। हालांकि मतपत्रों की गिनती और आरओ की रिपोर्ट में भी उन्हें विजयी घोषित किया गया था। लेकिन नेट पर एक राउंड का पेपर स्कैन न होने के कारण उन्हें तीसरे नंबर पर दिखाया गया था। चाह गडोलिया ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए चार प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। 1023 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। मोहन सिंह को 333 मत मिले। मुकेश चंद्र को 311, प्रताप सिंह को 250 और चौथे नंबर पर रहे जसपाल को मात्र 78 मत मिले। मतगणना के बाद आरओ ने मोहन सिंह को निर्वाचित घोषित कर प्रमाणपत्र जारी कर दिया था। लेकिन नेट पर प्रताप सिंह को निर्वाचित देखकर गांव के लोग दुविधा की स्थिति में रहे। आरओ श्रवण कुमार ने बताया कि मानवीय भूल से मतगणना का एक पेपर स्कैन नहीं हो पाया था। इसलिए नेट पर सही चुनाव परिणाम नहीं दिखाई दे रहा था। उसे अब संशोधन कर दिया गया है।