नई टिहरी। चंबा में 12 दिन पहले मिली नाबालिग बालिका को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर शनिवार को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। न्यायालय में बालिका ने परिजनों के साथ जाने की इच्छा जताई।
26 अगस्त को चंबा में एक बालिका घूमते हुए मिली थी। बालिका ने पहले अपने को केदारनाथ आपदा प्रभावित बताया था। मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची के साथ रेप की पुष्टि भी हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में उसे बालिका निकेतन देहरादून भेजा गया था। कुछ दिन पहले पुलिस को बालिका के घर गाजियाबाद भोजपुर में होने की सूचना मिली थी। शुक्रवार को बालिका के माता-पिता उसे लेने यहां पहुंचे थे। परिजनों ने न्यायालय में उसे अपने साथ घर ले जाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। शनिवार को बालकी और उसके माता-पिता को जिला जज सिकंद कुमार त्यागी की अदालत में पेश किया गया। बालिका ने परिजनों के साथ जाने की बात कही। कोतवाली निरीक्षक एश्वर्य पाल ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर बालिका को उसके परिजनों को सौंप दिया है।