घनसाली (टिहरी)। राजस्व क्षेत्र बूढ़ाकेदार में पशुधन सहायक के साथ मारपीट के आरोपी को राजस्व पुलिस नौ दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे गुस्साए चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संघ ने शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर तहसील मुख्यालय में धरना देने की चेतावनी दी है। बूढ़ाकेदार क्षेत्र में 13 सितंबर को थाती के संतोष लाल ने पशुधन सहायक जलम सिंह के साथ बेवजह मारपीट की। पीड़ित ने राजस्व उपनिरीक्षक को दी तहरीर में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन आज तक आरोपी के खिलाफ कोई कर्रवाई नहीं हो पाई। संघ के जिलाध्यक्ष डीपी सेमवाल, बिहरी लाल, दयाल सिंह रमोला, प्रेम लाल, सुंदर सिंह राणा, अमरदेव बडोनी ने चेतावनी देते हुए कहा कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया, तो तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। नायब तहसीलदार सुनैना राणा ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।