लंबगांव (टिहरी)। पिपलडाली-लंबगांव मोटर मार्ग पर सड़क दुर्घटना में मारे गए दोनों पालीटेक्निक के छात्रों के शव जिला प्रशासन ने बिना पोस्टमार्टम के परिजनों को सौंप दिए। शोक में ओखला खाल पालीटेक्निक सोमवार को बंद रहा। दोस्तों की मौत से उनके सहपाठी भी दुखी थे।
रविवार को पिपलडाली-लंबगांव मोटर मार्ग पर पटुडी के समीप एक स्कूटी दुर्घटना में भूपेंद्र चंद पुत्र प्रेम चंद 76/1 भगत निवास क्लेमेंटटाउन देहरादून, आशीष नौटियाल पुत्र मोहन प्रसाद नौटियाल ग्राम भालसी डुंडा उत्तरकाशी की मौत हो गई थी। बीती रात को ही दोनों छात्रों के शव जिला चिकित्सालय बौराड़ी लाए गए थे। पोस्टमार्टम नहीं कराने के लिए छात्रों के परिजन डीएम युगल किशोर पंत से मिले। उन्होंने डीएम से गुहार लगाई कि वे पोस्टमार्टम नहीं चाहते हैं। डीएम की अनुमति के बाद राजस्व पुलिस ने सुबह आठ बजे शव परिजनों को सौंप दिए। सोमवार को पालीटेक्निक ओखला खाल में शोक सभा हुई। प्रधानाचार्य अमर पाल सिंह ने घटना को दुखद बताया। प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने ओखलाखाल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से मदद का हर संभव भरोसा दिया।