नैलचामी पट्टी में स्वीकृत सड़कों का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने और काश्तकारों का मुआवजा देने की मांग को लेकर पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मी प्रसाद जोशी की भूखहड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। मुयालगांव में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो 30 मई को केदारनाथ मोटर मार्ग पर मुयालगांव में अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा।
भिलंगना ब्लॉक के नैलचामी पट्टी में मुयालगांव-गौरिया, जाख- पुंडोली, मुयालगंाव-तोंणखंड, मुयालगांव-मंजियाड़ी, द्वारी-गौरिया-मुयालगंाव और फलेंडा-ढ़ाबसौड़-सेमल्थ मोटर मार्ग को आठ-दस साल पहले स्वीकृत हुआ था, लेकिन लोनिवि की उदासीनता के कारण एक भी सड़क का कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है।
भूख हड़ताल पर बैठे पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मी प्रसाद जोशी ने कहा कि लोनिवि जहां धनराशि होने के बावजूद कार्य पूरा नहीं कर रहा है, वहीं सड़क के मलबे से दबे खेतों का मुआवजा भी नहीं दे रहा है। ब्लॉक प्रमुख विजय गुनसोला ने कहा कि लोनिवि की लापरवाही का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने लोनिवि को सड़क निर्माण जल्द पूरा करने और काश्तकारों को मुआवजा देने को कहा है। क्षेत्र पंचायत सदस्य बिमला नौटियाल ने सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत करने की मांग की। दूसरे दिन बिमला नैाटियाल, प्रधान सोहन दास, शांति लाल, गजेंद्र रमोला, जय प्रकाश नौटियाल और ओम प्रकाश क्रमिक अनशन पर रहे।