रुद्रपुर। अपनी दुनिया बसाने का ख्वाब लेकर घर से भागकर आए आगरा निवासी प्रेमी व मथुरा निवासी प्रेमिका ने जुदा होने के डर से जहर खाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इधर सूचना पहुंचे युवक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश आगरा थाना नाई मंडी के शंकर कालोनी निवासी श्याम (20) पुत्र राकेश कुमार और मथुरा के मंशा देवी मंदिर निवासी नीलम (19) पुत्री डोरीलाल के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ही विवाह करना चाहते थे। परिजन इसके लिए राजी नहीं थे। पुलिस का कहना है कि परिजनों के विरोध के चलते दोनों मंगलवार को घर से भागकर रुद्रपुर आ गए। यहां पर वे ट्रांजिट कैंप स्थित मछली बाजार में किराए में कमरा लेकर रहने लगे। इसकी भनक जब श्याम केपरिजनों को लगी तो वे उसे लेने रुद्रपुर पहुंच गए। लेकिन इधर इसकी सूचना जब श्याम और नीलम को लगी तो जुदा होने के डर से उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे दोनों की हालत गंभीर हो गई। यह देख श्याम के परिजनों ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर ट्रांजिट कैंप चौकी के एसआई कृष्ण कुमार पुलिस कर्मियों के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। बाद में पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मामले की सूचना मृतका नीलम के परिजनों को भी दे दी गई है।