सिडकुल की एक कंपनी में बुधवार दोपहर बायलर फटने से दो श्रमिक झुलस गए। गंभीर हालत में एक को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि दूसरे का रुद्रपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। एएसपी पंकज भट्ट ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
सिडकुल सेक्टर 11 में स्थित डाली एंड समीर इंजीनियरिंग कंपनी कुछ अन्य कंपनियों के लिए फ्यूल टैंक बनाने का काम करती है। बुधवार दोपहर कंपनी के भीतर एक बायलर पर जगतपुरा निवासी मुस्ताक और नजाकत काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज के साथ अचानक बायलर फट गया। इससे मुस्ताक और नजाकत बुरी तरह झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
जहां हालत गंभीर होने पर मुस्ताक को सुशीला तिवारी अस्पताल में रेफर किया गया है। जबकि नजाकत का रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। कंपनी के प्लांट हेड रविंद्र चिमोटे के अनुसार गर्म होने के कारण बायलर फटा था। सिडकुल चौकी प्रभारी एमपी सिंह की सूचना पर एएसपी पंकज भट्ट ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि अचानक बायलर कैसे फटा इसकी भी जांच करवाई जाएगी।
साथ ही घायल श्रमिकों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। घटना के बाद से फैक्ट्री के अन्य श्रमिकों में भी भय का माहौल पैदा हो गया। काफी देर तक श्रमिक काम छोड़कर हादसे के बारे में ही चिंतित दिखाई दिए।
बुधवार दोपहर को करीब एक बजे जैसे ही सिडकुल सेक्टर 11 में स्थित डाली एंड समीर इंजीनियरिंग कंपनी में बायलर फटा तो उसका धमाका इतना तेज था कि आसपास की कई फैक्ट्रियां हिल गईं। कई फैक्ट्री प्रबंधनों ने तुरंत इस घटना का जायजा लिया। कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। फैक्ट्री के बाहर हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाया और घटना का निरीक्षण किया।