बस स्टैंड पर शुक्रवार को हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा व रोडवेज तालमेल कमेटी ने धरना दिया। धरने में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों व डिपो के कर्मचारियों ने भाग लिया। साझा मोर्चा सदस्य वीरेंद्र सिंगरोहा ने कहा कि सरकार रोडवेज का निजीकरण करके पूंजीपतियों के हाथों में सोप रही है। प्रदेश सरकार रोडवेज विभाग के कर्मचारियों की मांगों में समस्याओं को वार्ता मेज पर जायज मानती है। इन्हें लागू करने का आश्वासन भी देती आ रही है लेकिन धरातल पर लागू नहीं किया जा रहा है। इससे रोडवेज कर्मचारियों में बहुत रोष है। वीरेंद्र सिंगरोहा ने कहा कि परिचालक के पद की वेतनमान की वेतन विसंगति दूर करके काम व योग्यता आधार पर पे ग्रेड दिया जाए। कर्मशाला के सभी कर्मचारियों को राजपत्रित अवकाश पूर्व की भांति दिए जाएं व चालकों को हैवी चालक ग्रेड पे का वेतनमान दिया जाए सहित अनेक मांगें सरकार से हैं। दिनेश हुड्डा ने बताया कि रोडवेज कर्मचारियों का रात्रि ठहराव भत्ता डेढ साल के बाद से लंबित है जबकि कुछ कर्मचारियों के एलटीसी भी लंबित है। उन्होंने कहा कि सरकार व रोडवेज प्रबंधन कर्मचारियों की मांग को लेकर गंभीर नहीं है। इसके चलते ओवर टाइम व एलटीसी को लेकर 29 मई को रोहतक डिपो में तालमेल कमेटी की ओर से धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सुरेश नेहरा, सोमेश कुंडू, अजमेर सिंह, संदीप सिंघवा, मनजीत, जोगिंद्र मलिक, राजेश पंघाल, संदीप खोखर व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।