अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार मंगलवार की रात अचानक आग का गोला बन गई। घटना रुदौली कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-27 स्थित रौजागांव ओवरब्रिज पर हुई। कार में अचानक आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। जानकारी के अनुसार कार में चालक समेत चार लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु अयोध्या से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। आग लगते ही कार सवारों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार वाहन सीएनजी कार बताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस बल भी पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य कराया।