बागपत जनपद के बड़ौत क्षेत्र स्थित बावली गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। जानकारी के अनुसार पट्टी देशू निवासी 27 वर्षीय राशिद क्रिकेट मैच के बाद घर लौट रहा था, तभी कहासुनी के बाद एक युवक ने उस पर बल्ले से हमला कर दिया। आरोप है कि पहले उसके पैर पर और फिर सिर पर बल्ले से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल राशिद को पहले बड़ौत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे सोनीपत और बाद में दिल्ली रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। बताया गया है कि राशिद यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था और तीन दिन बाद उसकी परीक्षा होने वाली थी। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक बच्चे को छोड़ गया है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।